अमेठी : यूपी के अमेठी में पीएम आवास योजना की एक लाभार्थी महिला अपने खाते में आवास की पहली किस्त आने के बाद फरार हो गई। जब टीम आवास के सत्यापन के लिए पहुँची, तो उस नाम का लाभार्थी न मिलने पर गाँव में हड़कंप मच गया। खण्ड विकास कार्यालय ने महिला के खिलाफ नोटिस जारी कर जाँच के आदेश दिए हैं।
जिले के अमेठी विकास खंड क्षेत्र के रेभा गाँव निवासी उत्तरा कुमारी का पीएम आवास योजना में चयन हुआ था। आवास सत्यापन में पात्र पाए जाने पर आवास योजना के तहत उत्तरा कुमारी के खाते में चालीस हज़ार रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई। जब विभागीय टीम आवास के सत्यापन के लिए गाँव पहुँची, तो घर पर पता चला कि महिला पिछले कई महीनों से लापता है। इस सूचना से विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग ने महिला के खिलाफ नोटिस जारी कर जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, उत्तरा कुमारी की शादी 2013 में गांव के ही राम सजीवन से हुई थी। इलाज के दौरान उसके पति राम संजीवन की मौत हो गई। पति की मौत के कारण उत्तरा देवी का चयन आवास योजना में हुआ था। उत्तरा देवी के तीन बच्चे भी हैं। आवास की पहली किस्त मिलने के बाद से महिला लापता है। महिला के पति की मौत के बाद उसका एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। अक्सर उसका प्रेमी उससे मिलने उसके घर आता था। एक बार ग्रामीणों ने उसके प्रेमी को पुलिस के हवाले भी कर दिया था।

