मथुरा: आगरा-दिल्ली हाईवे पर 29 जुलाई को एक ज्वैलर से लूटपाट करने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। मुखबिर से मिली सूचना पर मथुरा पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में उन्हें भी गोली लग गई। बाद में बदमाश नीरज की मौत हो गई। एक आरोपी का इलाज चल रहा है। मुठभेड़ गुरुवार रात आगरा-दिल्ली हाईवे पर हुई।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि 29 जुलाई को हुई लूट के बाद पीड़ित व्यापारी ने बताया था कि एक करोड़ रुपये की चांदी लूटी गई है। व्यापारी की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गईं। 31 जुलाई की आधी रात को अहम कामयाबी मिली। वाहन चेकिंग के दौरान दोनों बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राहुल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बदमाशों के पास से एक करोड़ रुपये की पूरी चांदी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने के लिए 8 टीमें बनाई गईं। इनमें आगरा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, राजस्थान के भरतपुर और दिल्ली के बदमाशों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरह थाना क्षेत्र में आगरा-दिल्ली हाईवे पर बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में लूट का मुख्य आरोपी नीरज मारा गया।
शहर के चौक बाजार निवासी चांदी व्यापारी मुकेश चंद सोनी चांदी का कारोबार करते हैं। 29 जुलाई की रात मुकेश अपने दो बेटों के साथ आगरा से मथुरा जा रहे थे। उनके पास करीब 80 किलो चांदी की राखियां थीं। आगरा-दिल्ली हाईवे पर भीम नगर के पास नकाबपोश बदमाशों ने बोलेरो कार को ओवरटेक किया और व्यापारी मुकेश चंद सोनी से चांदी लूटकर फरार हो गए।

