नैनीताल : भीमताल स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीसीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को उसका शव कमरे से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि छात्रा लखनऊ के मुसरूप की रहने वाली थी। वह भीमताल स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह निजी विश्वविद्यालय के पास ही किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार को जब छात्रा कमरे से बाहर नहीं आई तो आसपास के छात्रों को शक हुआ। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया। जहाँ छात्रा का शव मिला।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही पहलुओं से जाँच कर रही है। साथ ही, कमरे से मिले छात्रा के मोबाइल फोन और अन्य सामान को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जाँच के लिए भेज दिया गया है।
भीमताल एसओ प्रमोद शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पता चलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के भवाली पहुंचने का इंतजार है। इस घटना को लेकर छात्रा के परिजनों में शोक और सदमे का माहौल है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
इस छात्रा की मौत से पूरा परिसर दुखी है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों में मानसिक दबाव में आई? क्या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत या शैक्षणिक कारण था? मामले से जुड़ी हर कड़ी की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि हर एंगल से जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

