सहारनपुर : सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब एक रसोइया पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी पर युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। युवक के टंकी पर चढ़ने की सुचना मिली तो मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। युवक का कहना है कि”अगर मुझे वेतन नहीं मिला, तो मैं खुद को ज़िंदा जला लूँगा।” कड़ी मशक्कत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने आधे घंटे बाद नीचे उतार लिया।

आपको बता दें कि थाना सरसावा इलाके के पिलखनी मेडिकल कॉलेज में सहायक रसोइया कमल सिंह को वेतन न मिलने के कारण पानी की टंकी पर चढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। मंगलवार को सहायक रसोइया कमल सिंह पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने वेतन न मिलने पर आत्महत्या करने की धमकी दी, जिसके बाद एक बनावटी विरोध प्रदर्शन हुआ। कमल सिंह ने बताया कि लगभग छह महीने पहले आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज से उसका तबादला पिलखनी हुआ था। तब से उसे एक महिने का भी वेतन नहीं मिला। जिसके चलते आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
मेडिकल कॉलेज वर्कशॉप, सरसावा थाना प्रभारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों को घटना की सूचना दी गई। इस दौरान एक महिला, जिसे कमल सिंह ने अपने भाई की पत्नी बताया और दो छोटे बच्चे वहाँ मौजूद थे। जिनका रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर घण्टों की मशक्कत के बाद नीचे उतारा। इस घटना से मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई है।
कॉलेज की प्रिन्सिपल डॉ संजीता अनेजा का कहना है कि रसोइया के पानी की टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिली है लेकिन उनका 6 माह का वेतन नहीं मिला इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। कॉलेज प्रशासन को वेतन न मिलने की शिकायतों की जाँच के निर्देश दिए गए हैं। वेतन नहीं मिलने के मामले में दोषी पाए जाने वाले के ख़िलाफ़ रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जायेगी।वहीं मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों का कहना है कि अगर समय पर वेतन नहीं दिया गया तो ऐसी घटनाएँ होने की संभावना है।

