लखीमपुर खीरी/हमीरपुर: जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक युवक जिंदा जल गया। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया है। शुक्रवार रात अचानक एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर फिसल गई और तुरंत आग लग गई। बाइक सवार दोनों युवक आग की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की आग में जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा बुरी तरह झुलस गया। यह घटना लखीमपुर खीरी जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के रामापुर पुलिस चौकी कस्बे की है। वहीं, हमीरपुर में भी एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक UP31 AV6142 से कहीं जा रहे थे। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। इसी दौरान टैंक फट गया और पेट्रोल ने तेजी से आग पकड़ ली। देखते ही देखते बाइक और दोनों युवक आग की लपटों में घिर गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशे में थे, जिसके कारण वे खुद को आग से नहीं बचा सके।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण कोई पास नहीं जा सका। इसी बीच सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल भिजवाया। तब तक मृतक का शरीर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। घायल की पहचान राहुल पुत्र विनोद निवासी बढ़ेईडीह के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर उसे पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखीमपुर सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत राय ने बताया कि जांच में पता चला है कि बाइक जगदीश प्रसाद पुत्र राम प्रसाद निवासी सलेमपुर कोन के नाम पंजीकृत है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मालिक और मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घायल युवक राहुल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
सड़क हादसे में युवक की मौत: हमीरपुर जिले के मुस्कुरा थाना क्षेत्र में एक बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, नेवरिया गांव निवासी कमल (22) पुत्र हरिसिंह अपने दोस्तों कृष्णा (19) पुत्र बृजेंद्र प्रजापति और प्रदीप (25) पुत्र गोरेलाल के साथ बाइक से रक्षाबंधन की खरीदारी करने इमलिया जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रही एक बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चकनाचूर हो गई। हादसे में कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमल और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। सीएचसी मुस्करा में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. शिवजी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही कृष्णा की मौत हो चुकी थी। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश तिवारी ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

