अंबाला: हरियाणा में नशा तस्करी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस ने जगह-जगह नशाखोरी रोकने के लिए अभियान चलाए हैं। इसके बावजूद, नशा करने वालों के हौसले बुलंद हैं। सरकार भी राज्य में नशाखोरी रोकने के लिए कई अहम काम कर रही है। लेकिन नशा तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला अंबाला से सामने आया है, जहाँ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो करोड़ की हेरोइन बरामद की है।
इंस्पेक्टर ऋषि पाल इंचार्ज एएनसी ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लड़के विशाल और वंश, दोनों आरोपी एक्टिवा पर नशा लेकर आ रहे हैं। जिसके बाद टीम ने नाकाबंदी के दौरान दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 301 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया गया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है और जांच के दौरान कई और अहम कड़ियाँ सामने आने की संभावना है।
वहीं, अंबाला कैंट एरिया से बाइक चोरी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर ऋषि पाल इंचार्ज एएनसी ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी बंधु नगर से चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। उन्हें पकड़ने के लिए नाकाबंदी करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान अभिषेक, रॉकी और रोहित के रूप में हुई है। आरोपी अभिषेक पर पहले से ही 4 मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से कुल 17 बाइक बरामद की गई हैं। वहीं, आरोपियों के एक अन्य साथी विक्रम को भी गिरफ्तार किया गया है।

