बरेली : फरीदपुर थाना क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने गए एक युवक की बीती रात लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई और फिर शव को पेड़ से लटका दिया गया। फरीदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि आशंका है कि पिटाई से आहत होकर युवक ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय आदेश हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करता था। वह तीन दिन पहले ही हरियाणा से बरेली आया था। वह पिछले दो दिनों से अपने दोस्त के साथ घूम रहा था। बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के मनपुरा गाँव के पास उसका शव पेड़ से लटका मिला। फरीदपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार सुबह आदेश का शव एक पेड़ से लटका मिला। उसके पिता ओमवीर ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा हरियाणा में काम करता था और अभी-अभी वहाँ से लौटा था। उसके पास पैसे भी थे। उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। फिर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
फरीदपुर थाना निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि आदेश शनिवार रात फरीदपुर थाना क्षेत्र के एक गाँव में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। वहाँ कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि आशंका है कि आदेश ने पिटाई से आहत होकर आत्महत्या की है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

