देहरादून : महेंद्र भट्ट फिर उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। दरअसल उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। ऐसे में महेंद्र भट्ट फिर निर्विरोध उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष बन जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के समय महेंद्र भट्ट के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उम्मीद है कि कल यानी मंगलवार 1 जुलाई को भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।
नामांकन दाखिल करने के बाद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की गौरवशाली सांगठनिक परंपरा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए आज मैंने देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र विधिवत दाखिल किया।
महेंद्र भट्ट के नामांकन के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। इसके साथ ही नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से भाजपा सांसद अजय भट्ट भी नामांकन पत्र दाखिल करते नजर आए। इसके साथ ही हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सीट से पार्टी सांसद अजय टम्टा भी मौजूद रहे। महेंद्र भट्ट ने 30 जुलाई 2022 को उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला था। उन्हें मदन कौशिक की जगह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।
महेंद्र भट्ट 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रहे। इसके बाद 2007 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2017 में उन्होंने बद्रीनाथ विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भाजपा ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया। दो अप्रैल 2024 को भाजपा ने महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद बनाया। महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के कद्दावर और मुखर नेताओं में से एक हैं। वह अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं।
उनका जन्म 1971 में सीमांत जिले चमोली के ब्राह्मण थाला में हुआ था। भट्ट के राजनीतिक करियर की शुरुआत 1991 में हुई। 1991 से 1996 तक महेंद्र भट्ट ABVP यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयुक्त सचिव रहे। 1994 से 1998 तक उन्होंने ABVP में टिहरी विभाग के विभाग संगठन मंत्री का पद संभाला। इस दौरान उनके द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए पार्टी ने 1998 में भट्ट को भाजपा युवा मोर्चा का सचिव बनाया।
भाजपा युवा मोर्चा सचिव पद के बाद महेंद्र भट्ट राजनीतिक सीढ़ियां चढ़ते गए। वह 2000-2002 तक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे। इसके बाद उन्हें 2002-04 तक भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष रहने का अवसर मिला। महेंद्र भट्ट की राजनीतिक पारी को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी ने महेंद्र भट्ट को राज्य के पहले विधानसभा चुनाव में विधायक का टिकट दे दिया।
भट्ट 2002 में नंदप्रयाग से भाजपा विधायक चुने गए। इस बीच कुछ असफलताओं के बीच उन्होंने 2017 में बद्रीनाथ विधानसभा सीट जीती। महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड प्राक्कलन समिति, आश्वासन समिति, पलायन समिति और आवास समिति का सदस्य बनने का अवसर भी मिला।
