रिटायर फौजी के इकलौते बेटे की गोली मारकर की हत्या, हत्यारों की तलाश में जुटी मेरठ पुलिस

मेरठ : सरधना थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक सवार युवकों ने झगड़े के बाद एक सेवानिवृत्त फौजी के इकलौते बेटे (28) की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी दोस्त बताए जा रहे हैं, जिन्होंने शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद का बदला लेने के लिए उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।

एसपी ग्रामीण राकेश मिश्रा ने बताया कि सरधना थाना क्षेत्र के ईदगाह रोड पर रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी रामपाल के बेटे विनय की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने विनय को तीन गोली मारी। हमलावरों की पहचान बाइक सवार युवकों के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि विनय और उसके दोस्त निखिल उर्फ सोनू, विकास उर्फ टिलर और सागर शराब पार्टी कर रहे थे।

इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद विनय पॉपुलर रोड पर खड़े होकर अपने पड़ोस में रहने वाले सागर से बात कर रहा था। तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसके सिर में एक के बाद एक तीन गोलियां मार दीं। इसके बाद बाइक सवार वहां से फरार हो गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हमलावरों की तलाश की जा रही है।

रिटायर्ड फौजी रामपाल के मुताबिक, विनय की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी। उनकी दो बेटियाँ हैं। विनय खेती-बाड़ी में उनका हाथ बँटाता था और एक निजी कंपनी में भी काम करता था। रामपाल का कहना है कि उसका सब कुछ बर्बाद हो गया है। रामपाल ने निखिल, विकास और कुछ अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। विनय की मौत के बाद उसकी पत्नी शिवानी, दो बेटियाँ और माँ बदहवास हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts