मुश्किल में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, गिरफ्तारी को तैयार बताने के बाद अब हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका

Avimukteshwaranand Magh Mela 2026, Parayagraj Magh Mela, Avimukteshwaranand Magh Mela, Avimukteshwaranand left the fair, Shankaracharya Avimukteshwaranand
लखनऊ/प्रयागराज : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मंगलवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) की अर्जी दाखिल की है। उनके खिलाफ नाबालिग बच्चों के कथित यौन उत्पीड़न समेत अन्य गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज है। सूत्रों के अनुसार, याचिका दाखिल करने से पहले मामले की जानकारी लोक अभियोजक (पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) कार्यालय को भी दी गई है। इस मामले में एफआईआर प्रयागराज के झूंसी थाने में दर्ज की गई थी।

POCSO एक्ट के तहत दर्ज है मुकदमा

एफआईआर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी को नामजद किया गया है। आरोप है कि पिछले वर्ष एक नाबालिग सहित दो लोगों के साथ यौन उत्पीड़न किया गया। शिकायतकर्ताओं में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज और दो अन्य शामिल बताए गए हैं। आरोप गुरुकुल और माघ मेला जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान उत्पीड़न से जुड़े हैं। यह कार्रवाई प्रयागराज में विशेष न्यायाधीश (POCSO एक्ट) के आदेश के बाद की गई। मामला POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है। शिकायत में दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं।

साजिश का आरोप

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने हाल ही में माघ मेले के दौरान मौनी अमावस्या पर स्नान से रोके जाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने वाराणसी में मीडिया से बातचीत में एक तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि प्रयागराज का एक पुलिस अधिकारी शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी के साथ नजर आ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस ने 18 जनवरी से ही उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। उनका कहना है कि पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की और कोर्ट के आदेश के बाद ही कार्रवाई की।

प्रशासन पर भी लगाए आरोप

स्वामी सरस्वती ने यह भी आरोप लगाया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण ने उन पर गोरक्षा अभियान से पीछे हटने का दबाव बनाया। उन्होंने पूरे प्रकरण को सुनियोजित साजिश करार दिया है। फिलहाल, मामले में अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई की तारीख तय होने का इंतजार है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत प्रतिक्रिया आना बाकी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts