सहारनपुर : स्मार्ट सिटी सहारनपुर में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने अनोखा तरीका अख्तियार किया है। नगर निगम ने प्रताप नगर व रायवाला कपड़ा बाजार में नालों पर अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानों के बाहर बने स्थानों पर लाल निशान लगाए हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार चार सौ से अधिक दुकानों पर लाल निशान लगा दिए गए हैं। यदि दुकानदारों ने एक जुलाई से पहले स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो निगम एक जुलाई (मंगलवार) से अतिक्रमण ध्वस्त कर देगा। इस पर प्रताप नगर व रायवाला क्षेत्र के व्यापारियों के साथ सहमति बन गई है।

आपको बता दें कि प्रताप नगर और रायवाला सूरत के बाद दुसरा बड़ा कपड़ा बाजार हैं। जहां देश भर से कपड़ा व्यापारी खरीददारी करने पहुंचते हैं। दुकानदारों ने दुकानों के आगे बने नालों पर कब्जा कर अतिक्रमण किया हुआ है। जिसके चलते आये दिन बाजार में जाम लगा रहता है। यही वजह है कि मेयर डॉ. अजय कुमार व नगर आयुक्त शिपू गिरी के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा को रायवाला बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। निगम अधिकारियों ने दो दिन पहले प्रताप नगर व रायवाला पहुंचकर व्यापारियों से संपर्क किया था और प्रत्येक दुकान पर जाकर व्यापारियों को समझाया था कि उनके द्वारा नालों पर बनाए गए स्थानों/स्लैपों पर अतिक्रमण किए जाने के कारण नालों की सफाई नहीं हो पा रही है और बरसात में बाजार में जलभराव का मुख्य कारण भी यही है।

