देवबंद : ईद-उल-अजहा के मौके पर मशहूर देवबंदी उलेमा और जमीयत दावतुल मुसलमीन के संरक्षक मौलाना कारी इसहाक गोरा ने अहम अपील जारी कर मुसलमानों को कुर्बानी के असली मकसद और इसकी तहजीब की याद दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने उन लोगों को भी करारा जवाब दिया है जो सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए कुर्बानी के खिलाफ दुष्प्रचार में लगे हुए हैं।
मौलाना कारी इसहाक गोरा ने साफ कहा कि जो लोग कहते हैं कि जानवर की कुर्बानी के बजाय कुछ और किया जाना चाहिए, यानी केक काटा जाना चाहिए, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि शरीयत में ईद-उल-अजहा की कुर्बानी का कोई विकल्प नहीं है। यह एक इबादत है, कोई रस्म नहीं। और अल्लाह की इबादत किसी की निजी सोच और सहूलियत से नहीं मापी जा सकती।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग जानवरों की कुर्बानी के खिलाफ उपदेश दे रहे हैं, उन्हें पहले अपने घर के फ्रिज में देखना चाहिए कि उसमें कितना मांस रखा हुआ है। किसी भी धार्मिक प्रथा पर सवाल उठाने से पहले अपने चरित्र और नीयत की जांच करनी चाहिए। कारी इसहाक गोरा ने दो टूक कहा कि किसी धर्म विशेष की धार्मिक परंपराओं को निशाना बनाना सामाजिक सौहार्द के लिए खतरनाक है। हमें अपनी अंतरात्मा में झांकना चाहिए और दूसरों के धर्म का सम्मान करना चाहिए।
अपने वीडियो संदेश में उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि कुर्बानी देने वाले हर साधन संपन्न मुसलमान को याद रखना चाहिए कि कुर्बानी अनिवार्य है, लेकिन साथ ही स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी भी धार्मिक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी को दिखावे का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए। जानवरों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालना, जानवरों को सड़कों पर घुमाना और हंगामा करना शरीयत और संस्कृति दोनों के खिलाफ है। कुर्बानी अल्लाह के लिए है, इंसानों को दिखाने के लिए नहीं।
कारी साहब ने जोर देकर कहा कि किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न की जाए और न ही बिना इजाजत के खुले स्थान पर कुर्बानी की जाए। इसके अलावा कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेष नगर पालिका या नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर ही फेंके जाएं ताकि शहर की स्वच्छता और स्वास्थ्य बना रहे। अंत में उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा का संदेश त्याग, सादगी और अल्लाह की राह में सब कुछ कुर्बान करने का है। इस मौके पर हर मुसलमान को अपने कामों से यह साबित करना चाहिए कि इस्लाम मोहब्बत, सफाई, शालीनता और न्याय का धर्म है।

