सहारनपुर में ग्राम विकास अधिकारी के घर विजिलेंस की छापेमारी, रिश्वत मामले में जेल में बंद है संजय वालिया

Vigilance raids the house of Village Development Officer in Saharanpur

सहारनपुर : सहारनपुर में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) संजय वालिया के घर विजिलेंस टीम ने छापेमारी की है। मेरठ से आई विजिलेंस की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में थाना सदर बाजार क्षेत्र की साकेत कॉलोनी स्थित उनके आवास पर जांच की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है।

जानकारी के मुताबिक, संजय वालिया पहले से ही रिश्वतखोरी के मामले में जेल में बंद हैं। 14 नवंबर 2025 को थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में एंटी करप्शन टीम ने उन्हें एक ठेकेदार से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था।

क्या है पूरा मामला?

संजय वालिया हकीकत नगर की साकेत कॉलोनी के निवासी हैं। वर्ष 2023 में परागपुर गांव निवासी ठेकेदार अरविंद कुमार ने गांव में आंगनबाड़ी केंद्र और ढाला में फूडग्रेन शॉप का निर्माण कार्य कराया था। आरोप है कि निर्माण कार्यों के बकाया भुगतान के नाम पर ग्राम विकास अधिकारी ने ठेकेदार से 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर संजय वालिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

आय से अधिक संपत्ति की जांच

गिरफ्तारी के बाद की गई जांच में आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिलने पर विजिलेंस विभाग ने मामले की पड़ताल शुरू की। इसी क्रम में मंगलवार सुबह मेरठ से आई टीम ने उनके सहारनपुर स्थित आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम परिजनों से पूछताछ कर रही है और घर में रखे दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और बैंक खातों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts