गोरखपुर : पिपराइच थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पशु तस्करों ने नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद तस्कर शव को घर से करीब चार किलोमीटर दूर फेंककर फरार हो गए। हालांकि, एक तस्कर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया गोलीबारी की घटना की पुष्टि नहीं कर रही है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब तीन गाड़ियों में पशु तस्कर पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव में पहुंचे थे। वह मवेशियों को खूंटे से खोल रहे थे, तभी ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। दीपक गुप्ता (19) भी ग्रामीणों के साथ तस्करों की गाड़ी के पीछे दौड़ा। इसी बीच एक डीसीएम में बैठे तस्करों ने उसे पकड़ लिया और जबरन बैठाकर करीब एक घंटे तक घुमाते रहे, फिर उसके मुंह में गोली मार दी और शव को घर से करीब 4 किलोमीटर दूर फेंककर फरार हो गए।
इधर, ग्रामीणों ने एक डीसीएम को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर ली। डीसीएम में सवार तस्कर उतरकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर एक तस्कर को पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने एक डीसीएम में भी आग लगा दी। उधर, छात्र की हत्या की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच मार्ग जाम कर दिया। जाम की खबर मिलते ही चार थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंच गई। अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीच-बचाव के दौरान एसपी उत्तरी जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम घायल हो गए हैं।
एसएसपी राज करन नय्यर के मुताबिक, घटना पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआचाफी गांव की है। मंगलवार सुबह कुछ लोग दो वाहनों में जानवर लादने आए थे। जिनसे ग्रामीणों का विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों के वाहन से टकराकर एक युवक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

