लखनऊ : राजधानी लखनऊ में कक्षा 6 के एक छात्र ने ऑनलाइन गेम में 13 लाख रुपये गंवा दिए। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मोहनलालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना सोमवार देर रात की है। मोहनलालगंज जिले के धनुवासर गांव में सुरेश कुमार यादव अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका इकलौता बेटा यश कुमार (14) कक्षा 6 का छात्र था। पिता सुरेश कुमार यादव ने बताया कि यूनियन बैंक बिजनौर शाखा में उनका बैंक खाता है। सोमवार को जब वह पासबुक अपडेट कराने बैंक गए तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से 13 लाख रुपये कम हैं। अचानक इतने पैसे गायब होने के बारे में उन्होंने बैंक मैनेजर से पूछा तो पता चला कि पैसे ऑनलाइन गेम के जरिए कटे हैं।
पता चला कि जिस मोबाइल से बेटा गेम खेलता था, वह उनके बैंक खाते से लिंक था। इसके चलते पैसे कट गए। इसके बाद सुरेश कुमार घर पहुँचे और बेटे यश से पैसों के बारे में पूछा तो पहले तो उसने गोलमोल जवाब दिए लेकिन बाद में समझाने पर बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलता था जिसमें उसने पैसे हार गए।
पिता सुरेश कुमार यादव ने बताया कि जब वह बैंक से लौटे तो बेटा यश ट्यूशन पढ़ रहा था। उन्होंने बेटे को ऑनलाइन गेम न खेलने के लिए समझाया। बेटे के ट्यूशन टीचर ने कहा कि चिंता मत करो, वह यश से बात करेंगे और उसे समझा देंगे। ट्यूशन के बाद बेटा कमरे में चला गया। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। करीब 2 साल पहले उन्होंने कुछ जमीन बेचकर यूनियन बैंक की शाखा में 13 लाख रुपये जमा किए थे। वह सफेदी का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। वहीं, सूचना पर पहुँची मोहनलालगंज थाने की पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

