पूर्व चेयरमैन भानु प्रकाश सिरवारिया का हाथ-पैर बंधे हुए शव मिला, फोरेंसिक टीम ने शरू की जांच

झांसी : जिले के गुरसरांय नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन भानु प्रकाश सिरवारिया (62) का शव उनके किराए के मकान की सीढ़ियों पर मिला। भानु प्रकाश सरकारी अधिवक्ता भी रह चुके हैं। आसपास रहने वाले लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। भानु प्रकाश की बेटी के मुताबिक, उनके पिता के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। वहीं, पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस ने भानु प्रकाश की केस डायरी जब्त कर ली है। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी जांच की है। इस मामले में 10 से 12 लोगों से पूछताछ की जा रही है।

नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा में रहने वाले भानु प्रकाश गुरसरांय के चेयरमैन रह चुके हैं। वह सरकारी अधिवक्ता भी थे। भानु पिछले कई सालों से अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ किराए के मकान में रहते थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है। वह झांसी में ही रहती है। बेटा अलीगढ़ में डॉक्टरी करता है। बेटी कविता ने बताया कि उसके पिता गुरसरांय के चेयरमैन रह चुके हैं। मंगलवार सुबह उन्हें पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिली। जब वह यहाँ पहुँची तो देखा कि उसके पिता के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और गले में फंदे का निशान था। जिससे खून बह रहा था।

बेटी ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। उसके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह केवल अपने कोर्ट-कचहरी के मामलों में ही व्यस्त रहते थे। बेटी ने बताया कि उनके बैग में रखे सारे कागज़ात गायब हैं और पिता के कमरे का सामान बिखरा पड़ा है। जिससे उसे लग रहा है कि किसी मुकदमे को लेकर उसके पिता की हत्या कर दी गई है।

बेटी कविता ने बताया कि उसकी माँ की मानसिक हालत खराब है। जिसके कारण वह कुछ बता नहीं पा रही है। पिता ने घर में खाना बनाने के लिए काफी समय से नौकरानी रखी हुई थी और उनका बेटा बाज़ार से सामान लाता था। सूचना पर पहुँची पुलिस ने केस डायरी और मृतक का सूटकेस अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, डायरी से ही कुछ सुराग मिल सकते हैं। आसपास रहने वाले किरायेदारों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। सूचना मिलते ही एसएसपी बीबी जीतूस मूर्ति अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि शव संदिग्ध हालत में मिला है। मामले के हर पहलू की जाँच की जा रही है। आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जाँच की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts