मुरादाबाद में एक लड़की के प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी।आरोपी ने लड़की के पूरे शरीर पर चाकू से 45 बार वार किया।उसने उसका गला भी घोंटा। शव की हालत देखकर पोस्टमॉर्टमकरने वाले डॉक्टर भी हैरान रह गए। हत्यारे ने खुद अपनी प्रेमिकाकी हत्या की वजह भी बताई है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव मिल्क मैनाठेर निवासी सायरा (20) के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट हत्या की क्रूरता बयां कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शव पर चाकू के 40 से 45 घाव किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार युवती का गला भी दबाया गया था, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण मौत हुई। वहीं, परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद काफी देर तक शव खेत में पड़ा रहने के कारण जंगली जानवरों ने बाएं हाथ का मांस भी खा लिया। शनिवार शाम से लापता युवती का शव रविवार सुबह घर से 200 मीटर दूर मक्के के खेत में मिला। मृतका की मां शफीना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रफी को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों ने हत्या में एक से अधिक आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस फिलहाल एक ही आरोपी पर विचार कर रही है। मृतका का शव देखकर लोग सहम गए। उसके शरीर का कोई ऐसा हिस्सा नहीं था, जिस पर चाकू से वार न किया गया हो। रिपोर्ट दर्ज कराते हुए युवती की मां शफीना ने बताया कि घास काटते समय उसकी बेटी पर हमला किया गया।


मृतका सायरा के पिता आले हसन की एक साल पहले मौत हो चुकी है। उसका बड़ा भाई बबलू केरल में नाई का काम करता है। सायरा छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर की थी। उसकी तीन बड़ी बहनें रेशमा, गुलशन और गुलिस्ता शादीशुदा हैं। मृतका की मां शफीना, भाभी नाजरीन और छोटा भाई जीशान घर पर हैं। बेटी की मौत से मां बदहवास है। परिवार की महिलाएं उसे ढांढस बंधाती नजर आईं। मृतका का बड़ा भाई बबलू ही परिवार का इकलौता सहारा है। सायरा की हत्या से परिवार की महिलाओं और बेटियों के साथ ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत है।

