बाराबंकी: लखनऊ से बाराबंकी रोड पर शुक्रवार को एक बड़ी घटना हुई। शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बॉबी मुख्तार अंसारी गैंग का शूटर बताया जा रहा है। बाराबंकी थाने के इलाके में शोएब उर्फ बॉबी को 10 गोलियां मारी गईं। वह बाराबंकी से लखनऊ जा रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 1 से 1.30 बजे शहर थाने के असेनी मोड़ से सूचना मिली कि एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां कार की ड्राइवर सीट पर शोएब किदवई के शरीर पर गोली के घाव थे और वह मृत था।
उन्होंने बताया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फोरेंसिक टीम और तमाम अधिकारियों ने भी मौके का दौरा किया। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, शोएब नागर थाने का HS भी है और पहले मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा रहा है। हमारे रिकॉर्ड में इस पर पांच केस मिले हैं। बाकी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। आस-पास CCTV फुटेज हैं, उन्हें देखकर पता लगाया जा रहा है कि घटना किसने की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शोएब उर्फ बॉबी शुक्रवार दोपहर कार से लखनऊ से बाराबंकी जा रहा था, तभी नगर थाना के असेनी मोड़ के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी और भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शोएब को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

