आपको बता दें कि देवबंद के मोहद्दीनपुर गांव में युवक-युवती ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। युवक के परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया, जबकि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। दोनों की आत्महत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक़ दोपहर में युवक-युवती ने खेत में जाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। वहां युवक की हालत बिगड़ गई, जबकि युवती अपने घर चली गई। सूचना मिलने पर युवक के परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालत ज्यादा गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरनगर हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। कुछ देर बाद लड़की भी अपने घर पर उल्टियां करने लगी, तब परिजनों को मामले की जानकारी हुई।
लड़की की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे देवबंद के एक निजी अस्पताल में ले गए। सूचना मिलने पर देवबंद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मजिस्ट्रेट के सामने लड़की का बयान भी दर्ज कराया गया। इसमें लड़की ने बताया कि उसने अपनी मर्जी से जहरीला पदार्थ निगला है। इसके बाद लड़की की भी मौत हो गई।
दोनों के घर भी आसपास ही हैं। लड़के और लड़की की आत्महत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। दोनों एक ही समुदाय के हैं और उनके परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी उम्र 18 साल थी, जबकि लड़का कोई काम नहीं करता था। एसपी ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि लड़के के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि लड़की के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है।

