IND vs NZ Final: भारतीय टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल जीतकर इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के साथ, भारत लगातार दो T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम और तीसरी बार T20 ट्रॉफी उठाने वाली पहली टीम बन गई। इसके अलावा, भारत मेजबान के तौर पर T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई।
भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। टॉस हारकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। दुबे ने आखिरी 8 गेंदों में 26 रन की शानदार नाबाद पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन, संजू ने 46 गेंदों में 89 रन और किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए जेमी नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि कप्तान सेंटनर सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 33 रन दिए।
256 रन के टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड 159 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके साथ ही उनका अपना पहला खिताब जीतने का सपना टूट गया और उन्हें 96 रन से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड के लिए टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन और मिशेल सेंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाकर टॉप स्कोर किया। वहीं, भारत के लिए बुमराह और अक्षर सबसे सफल गेंदबाज रहे। बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लेने में सफल रहे।

