देहरादून : उत्तराखंड में मानसून के अंतिम चरण के बीच मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब मौसमी बीमारियों के रूप में दिखाई देने लगा है। प्रदेश में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 641 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 600 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 39 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस बीमारी से अब तक दो मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू के 15 नए मामले सामने आए हैं। इनमें अकेले देहरादून जिले में नौ मरीज मिले हैं, जबकि छह मामले प्रदेश के अन्य जिलों से सामने आए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नए मरीजों की संख्या पहले की तुलना में कम हो रही है, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए विभाग लगातार अलर्ट मोड पर है।
2111 सैंपल की जांच, 641 मिले संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू की जांच के लिए अब तक प्रदेश में 2111 सैंपल लिए गए हैं। इनमें देहरादून में 428 और अन्य जिलों में 213 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि संक्रमण का असर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बना हुआ है।
स्वाइन फ्लू के मरीजों में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या भी उल्लेखनीय है। 641 संक्रमित मरीजों में 0 से 11 महीने की उम्र के एक बच्चे के अलावा 1 से 10 वर्ष के 101 बच्चे शामिल हैं। 11 से 20 वर्ष की उम्र के 57 मरीज संक्रमित पाए गए हैं।
वहीं 21 से 30 वर्ष के 72, 31 से 40 वर्ष के 58, 41 से 50 वर्ष के 63 और 51 से 60 वर्ष के 97 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 61 से 70 वर्ष की उम्र के 105 मरीज संक्रमित मिले हैं, जबकि 71 से 80 वर्ष के 71 और 81 से 100 वर्ष की उम्र के 16 मरीजों में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। आंकड़ों के अनुसार महिलाओं की तुलना में पुरुषों में संक्रमण की संख्या अधिक है। कुल 641 संक्रमित मरीजों में 339 पुरुष और 302 महिलाएं शामिल हैं।
डेंगू के 222 मरीज, 203 हुए ठीक
स्वाइन फ्लू के साथ प्रदेश में डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं। डेंगू की जांच के लिए अब तक करीब 34,226 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 222 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। देहरादून में 109 और अन्य जिलों में 113 मरीज मिले हैं।
डेंगू संक्रमित मरीजों में से 203 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 19 मरीजों का उपचार अभी जारी है। स्वास्थ्य विभाग मौसम में बदलाव के साथ डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों पर भी नजर बनाए हुए है।
कोरोना के 57 मामले मिले
कोरोना संक्रमण के मामले भी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। प्रदेश में अब तक 1060 सैंपल की जांच की गई है, जिनमें 57 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 29 मरीज देहरादून और 28 अन्य जिलों से हैं।
तीन-चार दिन बुखार रहे तो डॉक्टर से लें सलाह
स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. शिखा जगपांगी के मुताबिक स्वाइन फ्लू के नए मामलों में अब कमी दिखाई दे रही है, लेकिन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम बदलने के साथ अलग-अलग तरह की मौसमी बीमारियां सामने आती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में अचानक तेज बुखार, ठंड लगना, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी, नाक बहना या बंद होना और सांस लेने में परेशानी शामिल हो सकती है। कुछ बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत भी हो सकती है।
डॉ. जगपांगी ने लोगों से अपील की है कि यदि तीन से चार दिन तक लगातार बुखार बना रहे और उसमें सुधार न हो, तो खुद से दवा लेने के बजाय तत्काल डॉक्टर से परामर्श लें। उनका कहना है कि समय पर चिकित्सकीय सलाह मिलने से बीमारी को गंभीर स्थिति तक पहुंचने से रोका जा सकता है।

