हरियाणा : हरियाणा ओलंपिक संघ के महासचिव एवं पंचायत एवं विकास मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने राज्य सरकार द्वारा खेल ग्रेडेशन नीति में किए गए संशोधन का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और खेल मंत्री श्री गौरव गौतम का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लिया गया यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश के खिलाड़ियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। नई व्यवस्था के तहत अब हरियाणा स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा। इससे खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिलने वाले अवसरों का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा मिलेगी। साथ ही यह निर्णय हरियाणा में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार की खिलाड़ी हितैषी नीतियों के चलते हरियाणा भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभाओं के दम पर नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।

