अज्ञात नंबर से फोन कर 6 दिसंबर को शाही ईदगाह को नुकसान पहुंचाने पर जान से मारने की चेतावनी, संत बोले- धमकी से नहीं रुकेंगे
मथुरा : श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए 6 दिसंबर को कार सेवा शुरू करने के ऐलान के बाद गोवर्धन स्थित चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। स्वामी सच्चिदानंद का दावा है कि बुधवार को पाकिस्तान के नंबर से उनके मोबाइल पर धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले ने चेतावनी दी कि यदि 6 दिसंबर को शाही ईदगाह मस्जिद को कोई नुकसान पहुंचा तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

स्वामी सच्चिदानंद महाराज के अनुसार, धमकी भरा फोन पाकिस्तान के नंबर +923114132766 से उनके मोबाइल नंबर पर आया। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने उनके द्वारा 6 दिसंबर को कार सेवा शुरू करने के ऐलान का जिक्र किया और इसे लेकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है और फोन नंबर की जांच की मांग की गई है।
स्वामी सच्चिदानंद ने करीब दो महीने पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए 6 दिसंबर को कार सेवा शुरू करने का ऐलान किया था। इसके बाद उनके आश्रम में शिला पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान संतों ने एकजुट होकर कार सेवा का संकल्प दोहराया था।

आश्रम में ‘आ रहे भगवाधारी, खाली करो कृष्ण जन्मभूमि हमारी’ नारे के साथ साधु-संतों ने शिला पूजन किया और 6 दिसंबर को कार सेवा शुरू करने का ऐलान किया। इस दौरान एक पोस्टर भी जारी किया गया था, जिसे लेकर विवाद सामने आया था।
धमकी मिलने के बाद भी स्वामी सच्चिदानंद ने अपना रुख स्पष्ट रखा है। उन्होंने कहा कि जिहादी मानसिकता रखने वाले लोग चाहे कितना भी डराने या धमकाने का प्रयास करें, उनका संकल्प नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर को कार सेवा शुरू की जाएगी।

स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का उनका संकल्प जारी रहेगा। उन्होंने मुगलकालीन निर्माण को लेकर भी कड़ा रुख जताया।
पाकिस्तान के नंबर से धमकी मिलने के बाद अब पुलिस के सामने कॉल करने वाले की पहचान करना बड़ी चुनौती है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कॉल वास्तव में पाकिस्तान से की गई थी या किसी अन्य माध्यम से विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया गया। धमकी के पीछे किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल मामले ने 6 दिसंबर को प्रस्तावित कार सेवा को लेकर मथुरा में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस धमकी की सत्यता और उसके स्रोत की जांच में जुटी है।

