सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती: 710 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 560 ने पास की दौड़

सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती: 710 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 560 ने पास की दौड़

सहारनपुर : सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के तहत शुक्रवार को मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली जनपद के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही अभ्यर्थी स्टेडियम पहुंचने लगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुए।

शुक्रवार को विभिन्न जनपदों से कुल 790 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। इनमें से 710 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 80 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। उपस्थित अभ्यर्थियों ने सेना में अग्निवीर बनने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपना दमखम दिखाया।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की रनिंग परीक्षा कराई गई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच युवाओं ने निर्धारित मानकों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। रनिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को अगली प्रक्रिया के लिए सफल घोषित किया गया। कुल 560 अभ्यर्थियों ने रनिंग/भर्ती प्रक्रिया में सफलता हासिल की।

भर्ती स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की एंट्री से लेकर शारीरिक परीक्षा तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार कराई गई। भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को अनुशासन बनाए रखने और भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता के साथ शामिल होने के निर्देश दिए।

अग्निवीर भर्ती रैली के चलते स्टेडियम और उसके आसपास सुबह से ही युवाओं की आवाजाही बनी रही। सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। सफल अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई, जबकि असफल रहने वाले युवाओं ने अगली भर्ती के लिए तैयारी जारी रखने का संकल्प लिया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts