सहारनपुर के PNB की करेंसी चेस्ट में मिली 7.40 करोड़ की जाली करेंसी, ऑडिट में खुला बड़ा राज, चार पर FIR

How Did the Counterfeit Currency Reach the Chest?

सहारनपुर : सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में करोड़ों रुपये की जाली करेंसी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये की करेंसी जाली पाई गई। मामला सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था और करेंसी के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बैंक के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर सदर बाजार थाने में जाली नोटों से जुड़े मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है। इनमें मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और हरियाणा के जगाधरी स्थित खेरा बाजार करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार शामिल हैं।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली करेंसी करेंसी चेस्ट तक पहुंची कैसे। करेंसी चेस्ट में अलग-अलग बैंक शाखाओं से नकदी जमा होती है। ऐसे में पुलिस संबंधित शाखाओं से लेकर करेंसी चेस्ट तक के कैश रिकॉर्ड की जांच करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि जाली नोट एक साथ जमा हुए या अलग-अलग समय में करेंसी चेस्ट तक पहुंचे। पुलिस नकदी जमा कराने वाले कर्मचारियों और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी जुटाने के साथ CCTV फुटेज भी खंगाल सकती है।

इसी करेंसी चेस्ट से जुड़े दूसरे मामले में मुख्यालय भेजी गई नकदी में 4.36 लाख रुपये की कमी भी मिली है। इस मामले में हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, दोनों मामलों में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं और कुल चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस बैंक के दस्तावेज, कैश रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही करोड़ों की जाली करेंसी और कैश की कमी के पीछे की पूरी तस्वीर साफ होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts