रिकवरी एजेंट की उसके ऑफिस में बेरहमी से कर दी हत्या, साथियों पर लगा हत्या का आरोप

लखनऊ : राजधानी में एक रिकवरी एजेंट की उसके ऑफिस में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह रिकवरी एजेंट का खून से लथपथ शव मिला। उसकी हत्या सिर कुचलकर की गई। वहीं, परिजनों ने मृतक के साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई है, क्योंकि हत्यारों ने ऑफिस का सीसीटीवी भी उखाड़ लिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह घटना लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित दादूपुर गांव की है।

जानकारी के मुताबिक, वाहनों की रिकवरी करने वाले विवेक सिंह का बंथरा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में ऑफिस है। रिकवरी एजेंट कुणाल शुक्ला उनके साथ काम करता था। ऑफिस में 4-5 और लोग रिकवरी एजेंट का काम करते हैं। मंगलवार सुबह ऑफिस में सफाई करने वाले संगम थारू पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर बिस्तर पर कुणाल शुक्ला का खून से लथपथ शव पड़ा था। यह देखकर उसकी चीख निकल गई। ऑफिस में काम करने वाले एक युवक ने विवेक सिंह को घटना की जानकारी दी। विवेक सिंह ने पुलिस और कुणाल शुक्ला के परिवार को घटना की जानकारी दी।

मौके पर पहुँचे कुणाल शुक्ला के बड़े भाई सौरभ शुक्ला ने बताया कि जब वह पहुँचे तो देखा कि उनके भाई का शव बिस्तर पर पड़ा था। चेहरे पर चोट के निशान थे, आँखें धँसी हुई थीं। बिस्तर से छत तक हर जगह खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस पहुँची और कमरे को सील कर दिया।मृतक की माँ मौके पर पहुँची, लेकिन पुलिस ने माँ को शव देखने नहीं दिया।

मृतक कुणाल शुक्ला की माँ सुधा शुक्ला ने आरोप लगाया कि कुणाल की हत्या उसके ही साथियों ने की है। भाई सौरभ शुक्ला ने कहा कि एक व्यक्ति उसके भाई की हत्या नहीं कर सकता। घटना में कम से कम 4-5 लोग शामिल रहे होंगे। यही वजह थी कि हत्यारों ने घटना को छिपाने के लिए ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और उन्हें अपने साथ ले गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts