स्वास्थ्य विभाग में गजब का फर्जीवाड़ा, एक ही नाम पर 6 अलग-अलग जिलों में 6 लोग नौकरी करते मिले

लखनऊ : स्वास्थ्य विभाग में एक हैरान कर देने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक ही नाम से 6 अलग-अलग जिलों में 6 लोग नौकरी करते पाए गए। हालाँकि, सभी का आधार कार्ड नंबर अलग-अलग है। सभी के पिता का नाम एक ही है। और ये सभी 2016 से वेतन ले रहे हैं। इसका खुलासा आरटीआई के ज़रिए हुआ, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

अब तक पता चला है कि कुल 6 लोगों ने स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज जमा किए। सभी 6 लोगों को आरोपी बनाते हुए निदेशक पैरामेडिकल डॉ. रंजना खरे ने सोमवार को वजीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी पाने और विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

निदेशक पैरामेडिकल डॉ. रंजना खरे द्वारा दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती-2016 में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 403 अभ्यर्थियों को सफल घोषित कर उसकी सूची उपलब्ध कराई थी। सूची में क्रमांक 80 पर अंकित अनिल कुमार सिंह पुत्र अर्पित सिंह के नाम से फर्जी प्रपत्र तैयार कर विभिन्न जिलों में नियुक्ति प्राप्त कर ली गई।

इस घटना के खुलासे के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। यह कैसे संभव हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts