बरेली : बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के तिगईदत्त नगर गाँव में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि उनके तीसरे साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर शनिवार सुबह पुलिस टीम गाँव पहुँची और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस जाँच कर रही है। बताया जा रहा है कि शराब हरियाणा से लेकर आये थे।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि भगवान दास हरियाणा के फरीदाबाद में काम करता है। वह गुरुवार रात फरीदाबाद से गाँव लौटा था। आते वक्त वह वहीं से शराब की बोतल ले आया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि भगवान दास ने शुक्रवार सुबह 7 बजे गाँव के ही विजयपाल के ट्यूबवेल पर रामवीर और सूरजपाल के साथ शराब पीनी शुरू कर दी थी।
शाम को 38 वर्षीय रामवीर, 55 वर्षीय सूरजपाल और 39 साल के भगवान दास की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ रात में इलाज के दौरान रामवीर की मौत हो गई। सूरजपाल की शनिवार सुबह मौत हो गई। भगवान दास का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है।
रामवीर और सूरजपाल छोटे किसान थे। वे खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। भगवान दास गाँव में मजदूरी करता था, कुछ दिन पहले ही वह हरियाणा के फरीदाबाद जाकर एक फैक्ट्री में काम करने लगा था। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। Bareilly News

