पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दो लोगों की मौत व् पांच घायल, दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया

लखनऊ : एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से धमाका हो गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। मलबे में दबकर पांच लोग घायल हो गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। विस्फोट से आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। विस्फोट का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है।

गुडम्बा इलाके के बेहटा गाँव में एक पटाखा फैक्ट्री है। यहाँ दिवाली के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे फैक्ट्री में मजदूर काम में व्यस्त थे। इसी बीच फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। इसके बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों में विस्फोट होने लगा। कुछ ही देर में फैक्ट्री मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। कई लोग इसके नीचे दब गए।

धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुँच गईं। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में फैक्ट्री मालिक आलम और उनकी पत्नी मुन्नी की मौत हो गई। जबकि आलम के बेटे इरशाद, पड़ोसी नदीम और हुरजहां समेत 5 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर है।

पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी भी मौके पर पहुँचे और जाँच की। स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर लीकेज से आग लगने की आशंका जता रहे हैं। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग की टीम को बुलाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आलम के घर में अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। इस संबंध में स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जाँच की जाएगी। एसडीआरएफ, फोरेंसिक और दमकल की टीमों के अलावा बम निरोधक दस्ता भी जाँच कर रहा है।

डीएम विशाख जी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग और आपातकालीन प्रतिक्रिया की सभी टीमें मौके पर पहुँच गईं। 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। उन्हें केजीएमयू रेफर कर दिया गया है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए टीम वहाँ मौजूद है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आलम का घर पूरी तरह से जमींदोज हो गया है। आस-पास के 3-4 घर भी धमाकों से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts