सहारनपुर। तल्हेड़ी बुजुर्ग क्षेत्र के एक गांव में मुस्लिम युवक द्वारा पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के प्रयास किया गया। मामले में बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता स्वजन से मिले। अधिकारियों से मिलकर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शनिवार सुबह एक युवक घर के बाहर खेल रही बच्ची को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और एक सुनसान जगह ले जाकर उसे हवस का शिकार बनाना चाहा। जैसे ही युवक ने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू की तो उसने शोर मचा दिया। मासूम के शोर मचाने पर आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। बाद में बच्ची ने घर पहुंचकर स्वजन को जानकारी दी। घटना से आक्रोशित स्वजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और घटना के संबंध में तहरीर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामला अलग अलग संप्रदाय का होने के चलते तुरंत पुलिस हरकत में आई और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित युवक गांव धर्मपुर निवासी शारिक को गिरफ्तार किया। घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल नेता विकास त्यागी समेत अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पीड़िता के घर पहुंच गए और विस्तृत जानकारी लेते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
विकास त्यागी ने अधिकारियों से आरोपित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर भाजपा नेता विपिन चौधरी, आरएसएस के विनय कुमार, विश्व हिंदू परिषद के अमित त्यागी, सानिध्य, सागर कश्यप, मोनू कश्यप, तनु प्रजापति, विभोर व हिमांशु शर्मा मौजूद रहे।

