सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को सहारनपुर पहुंचे जहां उन्होंने दावा किया कि बीजेपी न सिर्फ 2027 बल्कि 2029 तक भी सत्ता में रहेगी बल्कि जनता के आशीर्वाद और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से आने वाले चुनावों में एक बार फिर बड़ी और ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक भविष्य खत्म हो गया है और सपा आपराधिक राजनीति का प्रतीक बन गई है। अपने शासनकाल में सपा ने गाजियाबाद से गाजीपुर तक अपराध का साम्राज्य स्थापित कर दिया था। उन्होंने कहा, “जहां भी सपा होती है, अपराध अपने आप आ जाता है। उन्होंने यूपी को अराजकता की स्थिति में धकेल दिया था। बीजेपी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है।”

आपको बता दें कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य स्वतंत्रता सेनानी पूर्व विधायक एवं सांसद रहे चौधरी मुल्की राज सैनी की प्रतिमा स्थापित समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने चौधरी मुल्की राज सैनी की मूर्ति का अनावरण किया और खुले मंच से कांग्रेस के साथ साथ समाजवादी पार्टी को खूब आड़े हाथ लिया। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में अपराधी या तो जेल में हैं या राज्य छोड़कर चले गए हैं। बीजेपी सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, जिसे जनता स्वीकार कर रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस 140 साल पुरानी पार्टी है। बावजूद इसके अब उसका कोई राजनीतिक भविष्य तय नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वही कांग्रेस जिसने कभी स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लेने का दावा किया था, उसने अब वंदे मातरम को फाड़ कर दिया है। कांग्रेस की राजनीति अब विभाजनकारी विचारधारा तक सिमट गई है। कांग्रेस अब सिर्फ झूठ और भ्रम फैलाने में लगी है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान यह झूठ फैलाया कि नरेंद्र मोदी सरकार संविधान को खत्म कर देगी और बीजेपी आरक्षण खत्म कर देगी। लेकिन जनता ने इन झूठों को खारिज कर दिया और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया। अब मोदी चौथी बार भी पीएम बनेंगे।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता अब कांग्रेस के झूठ को समझ गई है। जिसके चलते कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हार रही है। कांग्रेस के बयान के बारे में डिप्टी सीएम ने कहा कि जो जाना चाहते हैं, वे जा सकते हैं। बीजेपी और NDA पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूती से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि NDA एकजुट है और आने वाले सभी चुनावों में विपक्ष को करारी हार देगा। हाल के चुनावी नतीजों का ज़िक्र करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव जीते। बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव जीते। बीजेपी ने महाराष्ट्र और बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
विपक्ष कितना भी गलत प्रचार करे, जनता का भरोसा बीजेपी के साथ है। डिप्टी सीएम ने पश्चिम बंगाल को लेकर भी एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि “जल्द ही पश्चिम बंगाल में भी कमल ज़रूर खिलेगा। वहां के लोग भी तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं।” केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण और निष्पक्ष चुनावों से डरते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को फर्जी वोटों और गलत तरीकों से चुनाव जीतने की आदत हो गई है, लेकिन अब यह नहीं चलेगा। बीजेपी पारदर्शी चुनाव चाहती है, और यही बात कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को परेशान कर रही है।