मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर जिले के मोरना गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दो सगी बहनों पर अपने पिता की दरांती (हंसिया) से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपियों में एक नाबालिग बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव निवासी 55 वर्षीय किसान रामप्रसाद रविवार रात अपने परिवार के साथ घर में सोए थे। उनके बेटे अमित और सुमित, पत्नी चंद्रकली तथा बेटियां वंदना और कोमल घर के अंदर बने कमरों में सो रहे थे, जबकि रामप्रसाद गैलरी में खाट पर लेटे थे।

सोमवार सुबह उनकी खून से लथपथ लाश खाट के नीचे जमीन पर पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस को खून से सना हंसिया और कुछ कपड़े बरामद हुए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि उसकी दोनों बहनों ने ही पिता की हत्या की है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों बहनें पिता की सख्त और जिद्दी स्वभाव से परेशान थीं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस ने दोनों बेटियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

