लखनऊ : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक ट्यूशन टीचर ने दलित किशोरी से रेप किया। विरोध करने पर उसकी जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। प्रेग्नेंट होने पर आरोपी ने अबॉर्शन भी कराया। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने टीचर के खिलाफ रेप और SC/ST एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है।
बिजनौर जिले की रहने वाली 13 साल की लड़की अपने परिवार के साथ सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में रहती है। वह 9वीं क्लास की स्टूडेंट है। उसके माता-पिता सरकारी नौकरी में हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में लड़की के पिता ने बताया कि मूल रूप से बबेरू, बांदा के गोमती एन्क्लेव निवासी वीर सिंह यादव उनकी बेटी को ट्यूशन पढ़ाता था। आरोप है कि 22 जनवरी को लड़की के माता-पिता ऑफिस गए हुए थे। दादी घर के बाहर धूप में बैठी थीं। उन्हें अकेला पाकर आरोपी ने किशोरी के साथ जबरदस्ती रेप किया।
रोकने पर उसने उसकी जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। लोक-लाज के डर से किशोरी शांत हो गई। इसके बाद आरोपी ट्यूशन पढ़ाने के बहाने अक्सर दोपहर में उसके घर आने लगा। उसने उसे ब्लैकमेल किया और 12 फरवरी तक बार-बार रेप किया। किशोरी जब प्रेग्नेंट हो गई तो उसने उसे अबॉर्शन के लिए दवा दे दी। जब उसकी तबीयत खराब हुई तो उसने अपनी मां को आपबीती बताई। माता-पिता ने पुलिस में लिखित शिकायत की।
आरोपी खुद को पूर्व मुख्यमंत्री का करीबी बताता है। किशोरी के पिता के अनुसार, आरोपी बहुत प्रभावशाली है। वह समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, उसके पास दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ उसकी तस्वीरें हैं। वह लोगों को तस्वीरें दिखाकर अपनी छवि दिखाता है। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं।

