सहारनपुर : सहारनपुर के थाना बड़गांव इलाके में वीरवार को बाइक सवार युवकों ने कार सवार छात्रों पर उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया जब वे कार से UP बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे थे। हमलवारों ने न सिर्फ लाठी डंडों से मारा बल्कि जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की। मारपीट और फायरिंग चालक समेत चार लोग घायल हो गए। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों की तहरीर के आधार पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि वीरवार की सुबह थाना बड़गांव इलाके के गाँव शब्बीरपुर के रहने वाले देवेंद्र पुंडीर का बेटा प्रताप अपने दोस्त बादल के साथ अपने छोटे भाइयों विराट और लकी को सती स्मारक इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा दिलाने के लिए ले जा रहा था। जैसे ही उनकी कार बहेरा गांव के पास पहुंची तो उनका पीछा कर रही बाइकों पर सवार युवकों ने उनकी कार को घेर लिया। जब तक वे कुछ समझ पाते बाइक सवारों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं हमलावरों ने छात्रों को जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। हालांकि गोली लगने से सभी बाल बाल बच गए। गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
छतरो पर हुए हमले की सुचना मिली तो थाना बड़गांव पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नानौता CHC में भर्ती कराया गया। बाइक सवारों के हमले में प्रताप, बादल और छात्र विराट व लकी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक मस्कट, दो खाली कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि घायल प्रताप की शिकायत के आधार पर थाना बड़गांव इलाके के शब्बीरपुर निवासी शक्ति, वासु, देव, थाना चरथावल इलाके के मंगनपुर रोनी निवासी दीपांशु व राजन और थाना तितावी इलाके के नगला पिथौरा निवासी आर्यन समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। थाना पुलिस को मामले की जाँच कर कार्यवाई के लिए निर्देशित किया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे ले लिया है। प्राथमिकी उपचार के बाद घायल छात्रों को परीक्षा के लिए जे जाया गया। सती स्मारक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल शिवकुमार सिंह के ने बताया कि गुरुवार को इंटरमीडिएट कंप्यूटर साइंस की परीक्षा का आखिरी दिन था। रास्ते में हुए विवाद के बाद घायल छात्र परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा दी। परीक्षा के बाद पुलिस हिरासत में उनका मेडिकल परीक्षण हुआ।