सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर में एक और प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हुआ है। दो दिन से लापता प्रेमी जोड़े ने होटल के कमरे में जहर खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। युवती प्रेमी के छोटे भाई की छोटी साली है और 14 साल की नाबालिग बताई जा रही है। दोनों मुज़फ़्फ़रनगर जिले के रहने वाले थे और दो दिनों से सहारनपुर के थाना नानौता इलाके के एक होटल में रुके हुए थे। पुलिस के मुताबिक़ ज़हर खाने के बाद उन्हें शामली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
प्रेमी युवक घर से भागने के बाद अपनी बुआ के बेटे के सम्पर्क में था और लगातार उससे वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। आत्महत्या से पहले भी उसने वीडियो कॉल कर जहर के पैकेट दिखाए थे। आपको बता दें की अजमल पुत्र उमर मोहम्मद मुज़फ़्फ़रनगर के थाना बुढ़ाना थाना इलाके के गाँव झोला का रहने वाला है। जो पिछले दो दिनों से अपने छोटे भाई की 14 वर्षीय साली शहराना के साथ घर से लापता था। शहराना के पिता हाकीम ने थाना बुढ़ाना में अजमल के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उस पर लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगाया गया था।
वीडियो कॉल काटने के तुरंत बाद अजमल और किशोरी ने एक साथ ज़हरीला पदार्थ खा लिया। कॉल के तुरंत बाद रिज़वान ने उनके परिवार वालों को इस बाबत बताया तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में परिजन नानौता के होटल पहुँचे जहाँ दोनों को गंभीर हालत में पाया। उनके मुँह से झाग निकल रहे थे और उनकी हालत बेहद नाज़ुक थी। गंभीर हालत में प्रेमी जोड़े को रामपुर मनिहारन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां से परिजन उन्हें शामली में कैराना रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए जहाँ डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया है कि इस मामले की गहन जाँच फिलहाल जारी है।

