एनसीसी शिविर में कैडेट्स को मिला करियर मार्गदर्शन, समाज सेवा और सैन्य प्रशिक्षण का पाठ

Cadets received career guidance, Social service and military training at the NCC camp.

सहारनपुर : एनसीसी निदेशालय लखनऊ के अधीनस्थ मेरठ ग्रुप की 83 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी सहारनपुर द्वारा देवभूमि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, बेरी जमापुर में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-256 के छठे दिन कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ करियर, समाज सेवा और नेतृत्व क्षमता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। दिन की शुरुआत पीटी परेड और योग अभ्यास से हुई, जिसमें सभी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर में डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल तनय कोठियाल ने आईजीसी और आरडीसी के संभावित चयनित कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स को प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का पूरा लाभ उठाने और अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर देवभूमि संस्थान के डायरेक्टर एवं शिक्षाविद् डॉ. दीपक राज ठाकुर ने कैडेट्स को करियर चयन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और ज्ञान के स्तर के अनुसार विषयों का चयन करना चाहिए। विशेष रूप से विज्ञान वर्ग के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं पर विचार करते हुए अपने भविष्य की योजना बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस विषय में छात्र की रुचि होती है, उसमें सफलता और रोजगार की संभावनाएं अधिक रहती हैं।
चीफ ऑफिसर बृजेश पुंडीर ने “समाज सेवा का महत्व” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का मूल उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। प्रत्येक कैडेट को प्रतिदिन समाज, पर्यावरण और प्रकृति से जुड़ी किसी न किसी सेवा गतिविधि में भाग लेने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सके। शिविर में कैंप एडजुटेंट कैप्टन राजेश कुमार और कैप्टन सुभाष चंद्र के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए संगीत और नृत्य का अभ्यास कराया गया। वहीं लेफ्टिनेंट प्रवीण कुमार और हवलदार नरेंद्र कुमार की देखरेख में कैडेट्स ने खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू कीं।
सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत सूबेदार नक्षत्र और हवलदार देव सिंह ने कैडेट्स को टेंट लगाने और हटाने की तकनीक सिखाई। जय सिंह ने हथियारों की जानकारी दी, जबकि हवलदार गोविंद थापा ने मानचित्र एवं जीपीएस के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर के सफल संचालन में देवभूमि कॉलेज प्रबंधन एवं प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेकर अपने व्यक्तित्व विकास तथा नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts