लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इटौंजा थाना क्षेत्र के महोना कस्बे के मोहल्ला पखरिया में एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय छज्जे पर खड़े लोग जुलूस में शामिल लोगों को शर्बत वितरित कर रहे थे। अचानक छज्जा गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत मलबे से बाहर निकालकर इलाज के लिए बीकेटी स्थित 100 शैय्या अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान 12 वर्षीय अली और 12 वर्षीय अरमान को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चे महोना क्षेत्र के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में घायल अजमल (7), जियान (3), सना (30), मोहम्मद हसीब (42) और जियाउल (30) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं दाऊद (12) और अब्दुल वजूद (10) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि रूसीदा का इलाज 100 शैय्या अस्पताल में जारी है।
इंस्पेक्टर इटौंजा सोबरन ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब मुहर्रम का जुलूस इलाके से गुजर रहा था और मकान के छज्जे पर खड़े लोग नीचे मौजूद लोगों को शर्बत बांट रहे थे। अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जांच में छज्जे पर क्षमता से अधिक लोगों के खड़े होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों के इलाज की लगातार निगरानी की जा रही है और चिकित्सकों को हर संभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना है।
मुहर्रम जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

