कांवड़ियों के लिए प्रतिबंधित रहेगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, भगवानपुर बॉर्डर से होंगे डायवर्ट; जानिए वजह

कांवड़ियों के लिए प्रतिबंधित रहेगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे,

देहरादून : 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इस बार पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर यानी एक्सप्रेसवे को कांवड़ियों की आवाजाही से पूरी तरह मुक्त रखना है, ताकि दिल्ली और देहरादून के बीच सामान्य यातायात निर्बाध रूप से चलता रहे।

इसके लिए उत्तराखंड पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त रणनीति तैयार कर रही है। योजना के मुताबिक कांवड़ियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उत्तर प्रदेश की सीमा से आने वाले कांवड़ियों को भगवानपुर बॉर्डर से ही वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि इससे एक्सप्रेसवे पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी और एंबुलेंस समेत अन्य आपातकालीन सेवाएं भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।

रायवाला-ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर विशेष निगरानी

हरिद्वार से ऋषिकेश होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रायवाला, ऋषिकेश और नीलकंठ मार्ग पर विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। पुलिस ने पार्किंग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण को लेकर योजना तैयार कर ली है। यात्रा के दौरान आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

IDPL क्षेत्र में बनेगी मुख्य पार्किंग

नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए ऋषिकेश के IDPL क्षेत्र में मुख्य पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। यहां वाहन खड़े करने के बाद श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने पार्किंग स्थलों और संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा के दौरान जाम की स्थिति पैदा न हो।

मसूरी और एक्सप्रेसवे पर भी रहेगा प्रतिबंध

एसपी यातायात के मुताबिक, कांवड़ियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के साथ-साथ मसूरी की ओर जाने की भी अनुमति नहीं होगी। वहीं, पांवटा साहिब की ओर से आने वाले भारी वाहनों को यमुनानगर, सहारनपुर और हरिद्वार के रास्ते डायवर्ट करने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य देहरादून शहर पर अतिरिक्त यातायात दबाव को कम करना है।

डाक कांवड़ के दौरान बढ़ेगी सुरक्षा

डाक कांवड़ के दौरान पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी। भगवानपुर और देहरादून की ओर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की कोशिश रहेगी कि इस दौरान भी एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।

कांवड़ मेले के लिए जल्द ही सेक्टरवार ड्यूटी प्लान भी जारी किया जाएगा। रायवाला, ऋषिकेश और नीलकंठ मार्ग को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों को सौंपी जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने, पुलिस के निर्देशों का पालन करने, पहचान पत्र साथ रखने, नशे से दूर रहने और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पूरी व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा उपलब्ध कराना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts