कासगंज में बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत समेत 87 लोगों पर केस, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

BJP MP Farrukhabad Mukesh Rajput

कासगंज : फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कासगंज के सहावर थाने में सांसद मुकेश राजपूत समेत 37 नामजद और 55 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश के बाद की गई है। आरोपियों पर लूटपाट, मारपीट, जबरन कब्जा और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

पूरा मामला सहावर कस्बे के अवंती बाई नगर स्थित एक मकान और लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा है। एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह निवासी लक्षिमपुर के बेटे रविंद्र कुमार की शादी भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन रीना राजपूत से हुई थी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पारिवारिक विवाद के चलते रीना राजपूत अपने ससुराल पक्ष पर दबाव बनाती थीं। आरोप है कि करीब एक साल पहले सांसद मुकेश राजपूत ने कथित तौर पर दबाव बनाकर विवादित मकान पर रीना राजपूत का कब्जा करा दिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और घर में लूटपाट भी हुई।

लक्ष्मण सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाया गया। इसके बाद उन्होंने मामले को लेकर एमपी-एमएलए कोर्ट का रुख किया। कोर्ट ने 20 जुलाई को पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। आदेश के अनुपालन में सहावर पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

दर्ज मुकदमे में सांसद मुकेश राजपूत, उनकी पत्नी सौभाग्यवती राजपूत, बहन रीना राजपूत समेत कुल 37 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 50 अज्ञात पुरुष और पांच अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।

बताया गया है कि 7 सितंबर 2025 को इसी संपत्ति को लेकर रीना राजपूत और उनके ससुर लक्ष्मण सिंह के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। रीना राजपूत की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में लक्ष्मण सिंह को जेल भी जाना पड़ा था।

जेल से रिहा होने के बाद लक्ष्मण सिंह ने सांसद मुकेश राजपूत, रीना राजपूत और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट समेत कई आरोप लगाते हुए अदालत में परिवाद दायर किया। अब कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts