मिर्जापुर में धर्मांतरण के आरोपी इमरान पर बड़ी कार्रवाई, डेढ़ करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क

मिर्जापुर में धर्मांतरण के आरोपी इमरान पर बड़ी कार्रवाई डेढ़ करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क

मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में चर्चित जिम मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। धर्मांतरण, शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरे गैंग लीडर इमरान खान की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई है। यह कार्रवाई मिर्जापुर और प्रयागराज पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिलाधिकारी के आदेश पर की।

पुलिस के मुताबिक, इमरान खान पर आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह जिम की आड़ में महिलाओं और युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस के अनुसार, जिम में आने वाली महिलाओं से ट्रेनिंग के बहाने दोस्ती बढ़ाई जाती थी। इसके बाद कथित तौर पर प्रेम संबंध, शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण का दबाव बनाए जाने के आरोप सामने आए।

डेढ़ करोड़ की जमीन हुई कुर्क

मिर्जापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के मुताबिक, जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार गंगवार के आदेश पर 7 अगस्त को मिर्जापुर और प्रयागराज पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम में नायब तहसीलदार कोरांव, थाना पड़री पुलिस, कोरांव पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

कुर्क की गई संपत्ति प्रयागराज जिले की कोरांव तहसील स्थित मौजा तिरसठ में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यह जमीन आराजी संख्या 01ख में स्थित है और इसका रकबा करीब 1.05960 हेक्टेयर है। प्रशासन ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई है।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई पूरी की। प्रशासन की इस कार्रवाई को आरोपी के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

जनवरी 2026 में सामने आया था मामला

दरअसल, जनवरी 2026 में जिम आने वाली कुछ युवतियों ने देहात कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि जिम की आड़ में महिलाओं को पहले दोस्ती और प्रेम संबंधों के जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए।

मामला सामने आने के बाद मिर्जापुर पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि पांच जिम को भी सील किया गया है। पुलिस का दावा है कि इन सभी गतिविधियों का मुख्य सरगना इमरान खान था।

लगातार जारी है कार्रवाई

पुलिस और प्रशासन की ओर से आरोपियों की संपत्तियों की जांच के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts