लखनऊ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं? शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत करने की अपील भी की।
रामभक्तों पर गोलीबारी को लेकर सपा पर निशाना
डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में 30 अक्टूबर का विशेष महत्व है। इसी दिन वर्ष 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण भाजपा सरकार ने कराया है और जनता रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।
शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को माफिया से मुक्त करने की दिशा में सरकार ने काम किया है।
2014 से भाजपा की राजनीतिक सफलता का किया जिक्र
गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले पार्टी की स्थिति कमजोर थी। संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने खुद प्रदेश में व्यापक स्तर पर काम किया। इसके बाद लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा को बड़ी सफलता मिली।
उन्होंने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी की जीत के पीछे संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत रही है। शाह ने कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। आगामी चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा।
उत्तर प्रदेश में यूसीसी लागू करने का ऐलान
अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाइए, यहां भी यूसीसी लागू करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में हुए बदलाव का जिक्र किया। साथ ही कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य सरकार ने जमीन पर उतारने का काम किया है।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर विपक्ष को चुनौती
गृह मंत्री ने अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हारने के बाद विपक्ष चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराता है। उन्होंने चुनौती दी कि चुनाव आयोग के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर ली जाए, भाजपा इसके लिए तैयार है।
शाह ने दावा किया कि भाजपा ने कई राज्यों में सरकार बनाई है और अब उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की बारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि अगर वह इसी तरह काम करते रहे तो चौथी बार भी प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
कार्यकर्ताओं को दिया जमीन पर काम करने का संदेश
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि केवल बड़े पदों की इच्छा रखने से सफलता नहीं मिलती। इसके लिए जनता के बीच रहकर मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और हर वर्ग तक पहुंचने पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जनता तक पहुंचाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का योगदान अहम होता है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने के बाद अमित शाह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके जाने के बाद बैठक की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई।

