सहारनपुर : बैंक ऑफ बड़ौदा ने सोमवार को अपना 119वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर शाखा परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य प्रबंधक बी. निलेश कुंभार एवं शाखा प्रबंधक ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित ग्राहकों ने बैंक के संस्थापकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बैंक द्वारा ग्राहकों और स्थानीय नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। बैंक की इस सामाजिक पहल की लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और अन्य आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्राहकों को डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य प्रबंधक बी. निलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा पिछले 119 वर्षों से देशभर में भरोसेमंद और पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्राहक सेवा को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्रीमती आकांक्षा, टीना, शालू, पाऊल बंसल, सविता, पूजा, पारुल, सौम्या, संजय जैन, गोलम जी, नीतिश गोयल, मनु, नितिन, अभय वर्मा सहित बैंक के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्थापना दिवस की एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और बैंक की निरंतर प्रगति तथा ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के समापन पर शाखा में आए सभी ग्राहकों, अतिथियों और कर्मचारियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन में उत्साह, सेवा भावना और सामाजिक सरोकार की झलक देखने को मिली।

