हल्द्वानी पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

BJP National President Nitin Naveen

हल्द्वानी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारेबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। नितिन नवीन उत्तराखंड भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। बैठक के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव, विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन होना है। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक तैयारियां तेज करने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगवानी की और उनके साथ कार्यसमिति के दूसरे सत्र की शुरुआत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में कई कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। इस बार उनके कार्यक्रम में कुमाऊं क्षेत्र पर विशेष फोकस रखा गया है। हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर ग्रुप की बैठक के अलावा पूर्व सैनिकों और सिख समाज से जुड़े कार्यक्रमों में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे।

भाजपा के लिए नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों में जहां आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों को धार देने पर चर्चा होगी, वहीं विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर भी फोकस रहेगा।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद भाजपा के सामने अब 2027 के चुनाव के लिए संगठन को और सक्रिय करने की चुनौती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश और बैठक में तय होने वाली रणनीति पर पार्टी कार्यकर्ताओं की नजर बनी हुई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts