चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन-2047 के तहत आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सहकारिता विभाग तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के पांच वर्षीय रोडमैप और एक्शन प्लान के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में विभागों की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और निर्धारित लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने में सहकारी समितियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रभावी योजनाएं तैयार की जाएं तथा उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) और ग्रामीण स्तर पर कार्यरत सहकारी समितियां भारतीय अर्थव्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ये संस्थाएं न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करती हैं, बल्कि महिलाओं, किसानों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम योगदान देती हैं। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी संस्थाओं के विस्तार, डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने तथा युवाओं को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं और ग्रामीण विकास को नई गति दी जा सकती है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी तथा प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ लोगों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा विजन-2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने रोडमैप और एक्शन प्लान के विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्तुति दी तथा आगामी वर्षों में निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के समयबद्ध और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


