चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने बिजली चोरी के मामलों में सख्ती बढ़ाते हुए लंबित राजस्व की वसूली के लिए राज्यव्यापी विशेष अभियान शुरू किया है। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो ने बिजली चोरी के मामलों में बकाया 56 करोड़ रुपये की वसूली के उद्देश्य से 45 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है।
इस अभियान का नेतृत्व डीजीपी नवदीप सिंह विर्क कर रहे हैं। अभियान प्रदेश के सभी 22 जिलों में एक साथ चलाया जाएगा। डीजीपी ने सभी जिला पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने थानों के अभिलेखों और केस डायरी की गहन जांच कर ऐसे सभी मामलों की सूची तुरंत तैयार करें, जिनमें एक लाख रुपये या उससे अधिक की जुर्माना राशि अभी तक लंबित है।
निर्देशों के अनुसार, थाना प्रभारी स्वयं इन मामलों की निगरानी करेंगे और बकाया जुर्माना राशि की जल्द से जल्द वसूली सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अभियान की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिकतम राजस्व की वसूली हो सके।
हरियाणा सरकार का कहना है कि बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने और राजस्व नुकसान को कम करने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। अभियान के दौरान लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी जारी रहेगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


