मेरठ सेंट्रल मार्केट में बवाल, धरने के दौरान सपा-भाजपा नेताओं में तीखी नोकझोंक

मेरठ सेंट्रल मार्केट में बवाल धरने के दौरान सपा-भाजपा नेताओं में तीखी नोकझोंक

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित सेंट्रल मार्केट में अवैध निर्माणों पर प्रशासन की सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों का धरना-प्रदर्शन जारी है। इसी विरोध के चलते शहर में मेरठ बंद का भी ऐलान किया गया है। धरना स्थल पर उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब भाजपा नेता विनीत शारदा के बयान के बाद सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।

दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया। हंगामे के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी धरने को राजनीतिक रंग दे रही है। भाजपा का कहना है कि धरना स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा खाने के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।

भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा धरना स्थल पर पहुंचे थे और माइक से व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आगे वे मजबूर हैं। इस बयान के बाद धरने पर बैठे व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर धरना प्रदर्शन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा और विनीत शारदा अपने समर्थकों के साथ वहां से लौट गए।

धरना दे रहे व्यापारियों का कहना है कि जब अयोध्या मामले में कोर्ट का फैसला आया था, तब भाजपा ने उसे अपनी उपलब्धि बताया था, लेकिन अब जब हजारों लोगों के रोजगार पर संकट है, तो कोई समाधान नहीं दिया जा रहा। सीलिंग कार्रवाई का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा है। करीब 1200 डॉक्टरों ने विरोध में अपनी OPD सेवाएं बंद कर दी हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद कार्रवाई करते हुए 44 अवैध कमर्शियल यूनिट्स पर सीलिंग शुरू की है। इनमें अस्पताल, स्कूल और दुकानें शामिल हैं, जो रिहायशी इलाकों में संचालित हो रही थीं। शहर के कई बाजार बंद हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। मेरठ का यह मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच फंसता नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन व्यापारियों की मांगों पर क्या निर्णय लेते हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts