सहारनपुर : सहारनपुर में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए थाना सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 340 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब तथा एक कैंटर ट्रक बरामद किया है। ख़ास बात ये है कि शराब तस्कर अण्डों की बिल्टी पर शराब की तस्करी कर रहे थे। शराब से भरा यह ट्रक हरियाणा से प्रयागराज जा रहा था। आबकारी विभाग की इस कार्यवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
आपको बता दें कि सहरनपपुर जिले में अवैध शराब की तस्करी और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना सरसावा पुलिस तथा आबकारी विभाग की टीम ने 4 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान अंबाला-देहरादून हाईवे पर सरसावा कट से करीब 400 मीटर देहरादून की ओर एक कैंटर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 340 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जो हरियाणा मार्का बताई जा रही है। मौके से पुलिस ने चालक पप्पू सिंह पुत्र स्वर्गीय किशन सिंह निवासी ग्राम रोहडू गुमरोली, थाना रोहडू, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ नकुड़ रूचि गुप्ता ने बताया कि बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में मु0अ0सं0 188/2026 के तहत धारा 63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पूछताछ में गिरफ्तार चालक पप्पू सिंह ने पुलिस को बताया कि उसे वाहन में अंडे लदे होने की जानकारी दी गई थी। उसके अनुसार रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे खर्च के लिए पैसे दिए और वाहन को प्रयागराज तक पहुंचाने के लिए कहा था।
चालक का कहना है कि उसे ट्रक में रखी शराब की पेटियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसने पुलिस को जो बिल और बिल्टी उपलब्ध कराई, वह भी उसे संबंधित व्यक्ति द्वारा ही दी गई थी। पुलिस अब इस मामले में शराब की खेप भेजने वाले और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


