चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल-स्पीति जिले की सीमा पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पांगी-उदयपुर मार्ग पर कड़ू नाला के पास पहाड़ से अचानक भारी पत्थर गिरने से एक टाटा सूमो उनकी चपेट में आ गई। हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के अनुसार, HP01M2210 नंबर की टाटा सूमो पांगी-उदयपुर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे और वाहन इसकी चपेट में आ गया। पत्थरों की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
लाहौल-स्पीति की एसपी शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में वाहन चालक बीर सिंह समेत कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चंबा जिले की पांगी घाटी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत और बचाव अभियान में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि घटनास्थल पर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण प्रशासन को हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने और घटनास्थल से संपर्क करने में परेशानी हो रही है।
चंबा जिले के भरमौर से विधायक डॉ. जनकराज ने भी हादसे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि पांगी-उदयपुर मार्ग पर टाटा सूमो के ऊपर पहाड़ गिरने से 13 लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। विधायक ने चंबा और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया है।
चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवा ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कड़ू नाले के पास एक वाहन पर पहाड़ से पत्थर गिरने की सूचना मिली है। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल लाहौल-स्पीति जिले के अंतर्गत आता है और इलाका काफी दुर्गम है।
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान के लिए स्थानीय पुलिस और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमों को भी सक्रिय किया गया है। इसके अलावा चंबा जिले से भी पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मानसून के दौरान भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसे में पांगी-उदयपुर मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सफर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पांगी घाटी में शोक का माहौल है। मृतकों के शवों को निकालने और हादसे की पूरी जानकारी जुटाने के लिए प्रशासन की कार्रवाई जारी है।

