ब्रेकअप के बाद युवक ने खाया ज़हर, Meta Alert से 8 मिनट में पहुंची मेरठ पुलिस, बच गई जान

Meerut Police saved the life of a young man grieving a breakup in just 8 minutes thanks to Meta Alert

मेरठ: सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट ने 25 वर्षीय युवक की जान बचा ली। मेरठ में ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव से गुजर रहे एक युवक ने आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन मेटा (Meta) के अलर्ट सिस्टम और उत्तर प्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते उसकी जान बचा ली गई। पुलिस महज 8 मिनट के भीतर युवक तक पहुंच गई और समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया।

जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले के सरधना कस्बे का रहने वाला एक युवक अपनी प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद गहरे अवसाद में चला गया था। मानसिक तनाव से परेशान युवक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उसने सफेद रंग का जहरीला लिक्विड पीते हुए अपनी तस्वीर और वीडियो अपलोड किया, जिसमें लिखा था, “अब तुम्हें अपनी जिंदगी में खुश रहना चाहिए।” यह पोस्ट अपलोड होते ही मेटा के सेफ्टी सिस्टम ने इसे संभावित आत्महत्या से जुड़ा मामला मानते हुए अलर्ट जारी कर दिया। कुछ ही सेकंड में यह सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, लखनऊ स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल और अन्य माध्यमों से भेज दी गई।

अलर्ट मिलते ही पुलिस मुख्यालय सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत जानकारी दी गई। पुलिस मुख्यालय ने युवक के सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और यह सूचना तत्काल मेरठ पुलिस को भेजी गई। लोकेशन मिलते ही सरधना थाना पुलिस बिना समय गंवाए युवक के घर की ओर रवाना हो गई। पुलिस टीम महज 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। वहां पहुंचने पर परिजनों से जानकारी ली गई और युवक की तलाश शुरू की गई। पुलिस जब युवक तक पहुंची तो उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। वह दर्द से कराह रहा था और उसके पास जहरीले पदार्थ की खाली बोतल पड़ी हुई थी। युवक उल्टियां करने की कोशिश कर रहा था।

स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने परिजनों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। बाद में पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह 10वीं तक पढ़ा है और उसके पास कोई स्थायी नौकरी नहीं थी। रोजगार न मिलने के कारण वह मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रहा था। इसी दौरान उसका एक युवती से प्रेम संबंध बना और दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन कुछ समय पहले युवती ने रिश्ता खत्म कर दिया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया। लगातार तनाव और निराशा के कारण उसके मन में आत्महत्या के विचार आने लगे और उसने यह कदम उठा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने युवक की काउंसलिंग कराई और उसे मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। साथ ही परिवार को भी युवक का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया। युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि वर्ष 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच एक समझौता लागू है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट, वीडियो या संदेश साझा करता है, तो मेटा तुरंत उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट भेजता है। इसके बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी मदद करने का प्रयास करती है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 31 मई 2026 तक आत्महत्या से जुड़े सोशल मीडिया अलर्ट पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस अब तक 3,011 लोगों की जान बचा चुकी है। यह घटना भी तकनीक और त्वरित पुलिस कार्रवाई के बेहतर समन्वय का एक बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts