गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाने गया 12 साल का मन्नू, कुत्तों के झुंड ने नोचकर मार डाला

Student killed by dogs in Saharanpur

सहारनपुर : थाना बेहट क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाने गए किशोर पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने किशोर को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आवारा कुत्तों को लेकर दहशत फैल गई।

मृतक की पहचान मन्नू पुत्र जुगल के रूप में हुई है। बताया गया कि उसका परिवार मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से आलमपुर खुर्द में रह रहा है। परिवार पोली हाउस में मजदूरी करता है। बुधवार को मन्नू गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाने के लिए गया था। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमला इतना अचानक और गंभीर था कि किशोर को बचने का मौका तक नहीं मिला। कुत्तों ने उसे जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किशोर की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा और जंगली कुत्तों का आतंक बना हुआ है। खेतों, रास्तों और आबादी के आसपास कुत्ते झुंड बनाकर घूमते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब डेढ़ महीने में बच्चों को कुत्तों द्वारा निशाना बनाए जाने की यह तीसरी गंभीर घटना है। लगातार हो रहे हमलों के कारण अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी डरने लगे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में अभियान चलाकर आक्रामक कुत्तों को पकड़ने और आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों और धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts